सैफ अली खान संग करीना और तैमूर।
- फोटो : Gurgaon
गुरुग्राम (विनोद डबास)। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री करीना कपूर दूसरी संतान को जन्म देने से पहले फिल्मों से जुड़ा कामकाज निपटाने में जुट गई हैं। वे जल्द से जल्द अपनी फिल्मों की शूटिंग पूरी करना चाहती हैं। उनकी फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ की शूटिंग बची हुई है, जो दिल्ली में होनी है। इस कारण करीना कपूर अपने परिवार के साथ अगले सप्ताह पटौदी पैलेस में आ रही हैं। वह यहां एक माह तक रुकेंगी।
आमिर खान अभिनीत फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ की अधिकांश शूटिंग हो चुकी है। इसके कुछ दृश्यों को दिल्ली में फिल्माया जाना है। करीना कपूर के दूसरी बार मां बनने की खबर आते ही प्रोड्यूसर ने फिल्म की शूटिंग जल्द पूरी करने का निर्णय लिया है। दिल्ली में शूटिंग 20 सितंबर के आसपास शुरू होने की संभावना है। इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रही करीना कपूर शूटिंग के दौरान दिल्ली में नहीं रुकेंगी, बल्कि पटौदी स्थित अपने पैलेस में ठहरेंगी। इस तरह वे शूटिंग में हिस्सा लेने और लौटने के लिए रोज करीब सौ किलोमीटर रास्ता तय करेंगी। करीना का नवाब सैफ अली खान और बेटे तैमूर अली खान के साथ 15 सितंबर को पैलेस पहुंचने का कार्यक्रम है। परिवार 16 अक्तूबर को लौटेेगा। उनके साथ मुंबई से नौकर भी आएंगे, जो खाना बनाने के साथ-साथ तैमूर की देखभाल करेंगे।
करीना पटौदी प्रवास के दौरान पैलेस में ही 21 सितंबर को अपना जन्मदिन और 15 अक्तूबर को शादी की वर्षगांठ मनाएंगी। लिहाजा पैलेस में उनके अन्य परिजनोें, दोस्तों एवं रिश्तेदारों के भी पहुंचने की संभावना है। इन दोनों खास अवसरों के मद्देनजर पैलेस में तमाम तैयारियां चल रही हैं। सैफ की मां और अपने जमाने की प्रसिद्ध अभिनेत्री शर्मिला टैगोर के भी 15 सितंबर को पटौदी आने की संभावना है। वे भी 16 अक्तूबर तक पटौदी में ही रहेंगी।