अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिला बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह जिला न्यायालय परिसर में सोमवार को आयोजित किया गया। चुनाव अधिकारी सतबीर सिंह तंवर ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा सहित सभी न्यायिक अधिकारी के साथ ही अधिवक्ता भी काफी संख्या में मौजूद रहे।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण भारद्वाज, उपाध्यक्ष साहिल यादव, अतिरिक्त उपाध्यक्ष रेनू माहेश्वरी, सचिव प्रशांत ठकरान, संयुक्त सचिव विक्रम यादव और कोषाध्यक्ष अक्षत जैन ने ली। शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष कुलभूषण भारद्वाज ने कहा कि अधिवक्ताओं ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि बार के सभी सदस्यों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि न्यायिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। बार और बेंच के बीच सहयोग और संवाद से न्यायिक कार्यों को और सुचारू बनाया जा सकता है।