दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन पर हुए धमाके के मामले में एक महत्वपूर्ण मोड़ आया है। गुरुग्राम पुलिस ने शिवाजी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले सलमान को दिल्ली में हुए धमाके के बाद हिरासत में लिया है। जहां पर पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ कि उसने i20 गाड़ी दिल्ली की ओखला में देवेंद्र नाम के व्यक्ति को बेची थी। दिल्ली स्पेशल सेल की टीम व क्राइम ब्रांच की टीम ने सलमान से 2 घंटे तक पूछताछ की। पुलिस को छानबीन के दौरान सलमान की भूमिका पर कोई संदेह नहीं मिला है। गुरुग्राम पुलिस ने दिल्ली पुलिस को गाड़ी से संबंधित इनपुट उपलब्ध करा दिया है। सीआईए सेक्टर- 40 प्रभारी ललित कुमार ने सलमान से पूछताछ की पुष्टि की है।
यह है मामला
दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार शाम करीब सात बजे एक कार में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के साथ ही वहां खड़ी कई कारों में आग लग गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस विस्फोट में 11 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। एनआईए की टीम मौके पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी गई है। धमाके के बाद दिल्ली-एनसीआर को अलर्ट पर रखा गया है।
पीएम मोदी ने भी व्यक्त की संवेदनाएं
पीएम मोदी ने कहा, आज शाम दिल्ली में हुए विस्फोट में अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित लोगों की सहायता अधिकारी कर रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह जी और अन्य अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की।