राजेंद्र पार्क के अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर में नहीं थी बिजली बैकअप की व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही एक बार फिर से सामने आई है। राजेंद्र पार्क स्थित अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर (यूपीएचसी) में बिजली व्यवस्था की लचर हालत के चलते एक गर्भवती महिला की डिलीवरी मोमबत्ती की रोशनी में करानी पड़ी। यह घटना बीते पखवाड़े की है, जब एक महिला को प्रसव के लिए यूपीएचसी में भर्ती किया गया था। महिला ने स्वास्थ्य विभाग को अब शिकायत दी है।
डिलीवरी की प्रक्रिया के दौरान अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई जिससे अस्पताल में अंधेरा छा गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि अस्पताल में तो इन्वर्टर था लेकिन किसी तरह का जनरेटर बैकअप। ऐसे में मजबूरी में स्टाफ को मोमबत्ती जलाकर डिलीवरी करानी पड़ी।
गौरतलब है कि स्टाफ ने अपनी सूझबूझ और सतर्कता से सफलतापूर्वक प्रसव कराया जिससे जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। हालांकि, यह घटना अस्पताल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही को उजागर करती है। अस्पताल में कार्यरत स्टाफ ने मेडिकल इंचार्ज की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि बिजली आपूर्ति की समस्या पहले से भी बनी रही है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई थी, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े ऐसे हालात मरीजों को सीधे तौर पर खतरे में डालते हैं। अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यूपीएचसी में स्थायी बिजली बैकअप और अन्य बुनियादी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
जिस दौरान डिलीवरी हुई थी, बिजली बाधित होने की बात मेरी जानकारी में नहीं थी। यदि ऐसी कोई परेशानी हुई है तो इसके लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी, जिससे इस तरह की घटना फिर से न घटे। यूपीएचसी में बैकअप की व्यवस्था कर दी जाएगी।
- डाॅ राजा राणा, एमओ इंचार्ज, स्वास्थ्य विभाग