गुरुग्राम। शहर में 3 मई को होने वाली नीट यूजी परीक्षा के लिए जिले में व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक प्रबंध किए गए हैं। डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी गई है। जिले में 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां 6,875 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा एक ही शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय देते हुए परीक्षा शाम 6 बजे तक जारी रहेगी।
धारा 163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के अंदर और 200 मीटर के दायरे में भीड़ एकत्र करने पर रोक रहेगी। इस क्षेत्र में हथियार लेकर चलना, वाहनों की पार्किंग, लाउडस्पीकर का उपयोग और किसी भी प्रकार के वाई-फाई या इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर दायरे में फोटोस्टेट दुकानों और कोचिंग सेंटरों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।