फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: पंप व मशीनों के साथ रात भर डटे रहे निगम कर्मी, सोशल मीडिया में लोगों ने सराहा

विज्ञापन
विज्ञापन
गुरुग्राम में भारी बरसात के बीच नगर निगम की तत्परता व सक्रियता से नागरिकों को मिली राहत
विज्ञापन



- इंजीनियरिंग व स्वच्छता टीमें रात्रि से ही जल निकासी सुनिश्चित करने में जुटी दिखाई दी



अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बुधवार की रात्रि तथा बृहस्पतिवार की सुबह गुरुग्राम में हुई भारी बारिश के दौरान विभिन्न स्थानों पर जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम गुरुग्राम व ट्रैफिक पुलिस की टीम लगातार सक्रिय रही। जिसके परिणाम स्वरूप नागरिकों को काफी राहत मिली। देर रात तक निगम कर्मचारियों की सक्रियता को देखकर सोशल मीडिया में लागों ने नगर निगम की तारीफ की। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया के निर्देश पर निगम टीमें बरसात शुरू होते ही रात के समय ही मौके पर पंप व मशीनरी के साथ जल निकासी व्यवस्था करने में जुट गईं। वहीं, स्वच्छता शाखा की टीमें भी अलग-अलग स्थानों पर ड्रेनेज, जीटी की सफाई सुनिश्चित करते हुए दिखीं। टीमों ने बहरामपुर, साउथ सिटी-2, शीतला माता रोड, लक्ष्मण विहार, गुलमोहर पार्क, सिल्वर जुबली पार्क, विपुल वर्ल्ड, रोजवुड सिटी, सुशांत लोक-3, सेक्टर-48, सेक्टर-39, 40, सेक्टर-15 पार्ट-1 व पार्ट-2 सहित जलभराव के सभी स्थानों पर सक्रियता दिखाई तथा पानी निकासी की व्यवस्था में जुटी रही।



बागवानी शाखा ने टूटे पेड़ों को हटाकर व्यवस्था की बहाल



नगर निगम गुरुग्राम की बागवानी शाखा ने भी बरसात के दौरान पूरी सक्रियता दिखाई तथा आंधी व बरसात के कारण टूटे पेड़ों को उठाकर सुगम यातायात व्यवस्था बनाने में अपना योगदान दिया। नगर निगम गुरुग्राम के पास 16 स्थानों पर पेड़ गिरने की शिकायत आई। टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की तथा व्यवस्था को सुगम बनाया।
विज्ञापन




सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से मिली प्रतिक्रिया



नगर निगम गुरुग्राम की सक्रियता को देखते हुए जन प्रतिनिधियों सहित शहर के नागरिकों ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दी। सोशल मीडिया पर एक यूजर गौरी सरीन ने लिखा-बहुत अच्छा काम, आज सुबह ही निकली और कुछ स्थानों को छोड़कर ज्यादातर स्थान बेहतर मिले। नॉटी रिपोर्टर नामक यूजर ने लिखा पिछले साल की अपेक्षा इस बार काफी सुधार है, पानी जल्दी निकल जाता है, प्रशासन का काम सराहनीय है। एक अन्य यूजर सुमेधा शर्मा ने लिखा हालांकि बरसात ने बुनियादी सुविधाओं की समस्या को उजागर किया, लेकिन इस बार नगर निगम का रवैया कुछ अलग है। वर्षों में पहली बार कर्मचारियों को रात में शहर चलाने के लिए मौके पर कार्य करते देखा गया। तेजस्वी जांगड़ा भारतीय ने लिखा एमसीजी कमिश्नर प्रदीप दहिया व टीम का धन्यवाद। पार्षद अवनीश राघव, विजय परमार, सोनिया यादव, प्रथम चंद्र वशिष्ठ सहित आरडब्ल्यूए सेक्टर-22 ए, 22 बी, सेक्टर-31 सहित कई गणमान्य नागरिकों ने भी नगर निगम के प्रयासों को सराहा।
विज्ञापन




नगर निगम गुरुग्राम की नागरिकों से अपील



नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि बरसात शुरू होते ही निगम की टीमें सक्रिय हो गईं और रातभर फील्ड में डटी रही। आगामी बरसात को देखते हुए निगम की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। हम सभी गुरुग्राम वासियों से अपील करते हैं कि सीवरेज व ड्रेनेज लाइन में कचरा, प्लास्टिक या कोई भी अवांछनीय वस्तु ना डालें। इससे जल निकासी व्यवस्था बाधित होती है और जलभराव की स्थिति गंभीर बन सकती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें