गुरुग्राम। सेक्टर-43 स्थित एक निर्माणाधीन साइट पर शराब पीकर झगड़े के बाद बृहस्पतिवार को एक मजदूर ने अपने साथी के 7 वर्षीय बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं आरोपी ने ही पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर वारदात की सूचना दी और फरार हो गया। सुशांत लोक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सेक्टर-43 के प्लॉट नंबर-549 में बिल्डिंग निर्माण कार्य चल रहा है। मुकेश नामक व्यक्ति अपने 7 वर्षीय बेटे साहिल के साथ साइट पर ही रहता है। उनके साथ ही मनीराम निवासी मध्य प्रदेश मजदूर भी रहता था। बुधवार रात को मनीराम और मुकेश का शराब पीने के दौरान झगड़ा हो गया। दोनों के बीच गाली-गलौज व मारपीट तक हो गई। इसके बाद दोनों सोने चले गए। बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में फोन आया। उसने बताया कि सेक्टर-43 स्थित निर्माणाधीन साइट पर झगड़े के बाद रंजिश में आकर उसने दोस्त के 7 वर्षीय बेटे का गला रेतकर हत्या कर दी है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शव को यहीं छोड़कर जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी समेत फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। निर्माणाधीन साइट के बेसमेंट में खून से लथपथ बच्चे का शव मिला। आरोपी के मोबाइल पर फोन करने पर वह बंद मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी की तलाश की जा रही है।