संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर ने इलाके में बढ़ रहे अवैध निर्माण और बिना अनुमति चल रही दुकानों के खिलाफ सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को निगम ने कांकरोला गांव में कार्रवाई करते हुए कई अवैध मीट की दुकानों को हटाया। कुछ दुकानों को तोड़ा गया, जबकि कुछ को सील कर दिया गया।
निगम अधिकारियों के अनुसार, लोगों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि इलाके में नियमों के खिलाफ मीट की दुकानें चलाई जा रही हैं। जिसके बाद निगम ने जांच की और कार्रवाई करने का फैसला लिया। अभियान में डीटीपी आरएस बाट ने कार्रवाई की निगरानी की।
निगम की टीम सुबह ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पहले दुकानदारों को नियमों की जानकारी दी और फिर अवैध पाए गए निर्माण को हटाना शुरू किया।
नगर निगम का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण और बिना अनुमति चल रहे कारोबार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे निर्माणों और दुकानों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। निगम ने लोगों से अपील की है कि वे निर्माण करने से पहले अनुमति जरूर लें, ताकि बाद में परेशानी न हो।
नगर निगम के अधिकारी डीटीपी राजेंद्र ने बताया कि क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निगम क्षेत्र में अवैध तरीके से निर्माण पर कार्रवाई जारी रहेगी।