जीएमडीए देखता है निगम के सीवर-पानी का प्रबंधन, कहा- जल्द करें बिल का भुगतान
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम पर सीवर-पानी के बिल के करीब 97.60 करोड़ रुपये बकाया हैं। इसको लेकर जीएमडीए ने नगर निगम को बकाया बिल का भुगतान जल्द करने को कहा है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) निगम के सीवर-पानी का प्रबंधन देखता है। शहर में 570 एमएलडी पानी की आपूर्ति बसई और चंदू बुढ़ेरा में पानी शोधन संयंत्र से होती है। इन संयंत्रों से शोधित पानी पहले निगम के बूस्टिंग स्टेशनों तक पहुंचता है। इसके बाद काॅलोनियों और सेक्टरों में नगर निगम पानी की सप्लाई करता है।
सितंबर 2023 से दिसंबर 2024 तक का नगर निगम ने पानी-सीवर का बिल 191.76 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था। बिल बकाया का मामला जीएमडीए ने कई बार नगर निगम के सामने रखा था। इस पर नगर निगम ने अलग-अलग माह में लगभग आधे बिल का भुगतान कर दिया है, अब 97.60 करोड़ बकाया है। जीएमडीए ने शेष पैसे नगर निगम को जल्द देने को कहा है। नगर निगम ने हाल के दिनों में करीब 30 करोड़ का भुगतान किया है। जीएमडीए के मुख्य अभियंता आरएस जांगड़ा ने बताया कि निगम ने हाल में पैसे का भुगतान किया है। शेष पैसे भी देने को कहा गया है।