गुरुग्राम ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में राष्ट्रीय स्तर पर हासिल किया 41वां स्थान, हरियाणा में 7वें पायदान पर
- नागरिकों के सहयोग से अगले वर्ष के स्वच्छ सर्वेक्षण में किया जाएगा और भी बेहतर सुधार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 के नतीजे जारी होने के बाद नगर निगम गुरुग्राम ने विज्ञप्ति जारी करके दावा किया है कि शहर की रैंकिंग सुधरी है लेकिन हकीकत कुछ और ही है। निगम का कहना है कि टीम, सफाई कर्मचारियों और नागरिकों के सम्मिलित प्रयासों से गुरुग्राम (41वीं रैंकिंग) ने 99 पायदान की छलांग लगाई है जो एक अच्छा सुधार माना जा रहा है जबकि गुरुग्राम को जिस श्रेणी में 41वां स्थान मिला है उसमें 99 शहरों को ही शामिल किया गया है।
निगम ने दावा किया है कि गुड़गांव को राष्ट्रीय स्तर पर 41वीं रैंक मिली है। हरियाणा में 7वां स्थान प्राप्त किया है। अगले साल और बेहतर परिणाम हो इसके लिए नगर निगम अपनी खामियों को दूर करने के लिए प्रयास करेगा है। पिछले साल शहर को 140वां स्थान मिला था। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में गुरुग्राम ने कचरा प्रोसेसिंग के क्षेत्र में 98 प्रतिशत सफलता प्राप्त की है। घर-घर कचरा संग्रहण में शहर ने 59 प्रतिशत प्रदर्शन किया है। इसके अतिरिक्त गुरुग्राम को वाटर प्लस सर्टिफिकेशन भी प्राप्त हुआ है।
गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि यह सफलता गुरुग्रामवासियों और निगम की टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। नागरिकों के सहयोग से अगले वर्ष गुरुग्राम निश्चित ही देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शुमार होगा। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे कचरा अलग-अलग करें और समय पर नगर निगम की गाड़ियों को सौंपें।
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि गुरुग्राम को मिला 41वां स्थान एक टीमवर्क का परिणाम है। हमारे जनप्रतिनिधियों, सफाई कर्मचारियों, अधिकारियों और नागरिकों ने मिलकर यह मुकाम हासिल किया है। नगर निगम की ओर से कचरा निस्तारण में तेजी, डोर-टु-डोर कचरा संग्रहण में बढ़ोतरी, कचरा अलगाव, ग्रीन जोन विकास और स्वच्छता जागरूकता अभियानों को प्राथमिकता दी जाएगी।