विधायक की ओर से लगाए गए शिविर में सांसद बिप्लब देब पत्नी के साथ पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद बिप्लब देब शनिवार को गुरुग्राम-दिल्ली सीमा स्थित धनचिरि शिविर पहुंचे। उन्होंने पत्नी त्रिवेणी राव के साथ विधायक मुकेश शर्मा की ओर से लगाए गए श्री शिव कांवड़ सेवा शिविर का दौरा किया। देब ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित यात्रा की प्रार्थना की।
सांसद ने शिविर में कांवड़ियों के लिए की गई सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विश्राम, भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। बिप्लब देब ने सेवा कार्य में जुटे स्वयंसेवकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ भाव से शिवभक्तों की सेवा करना भारतीय संस्कृति का हिस्सा है। विधायक मुकेश शर्मा ने बताया कि बिप्लब देब का शिविर में पहुंचना कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का अवसर है। इससे पहले, शिविर के तीसरे दिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी यहां पहुंचे थे।
केदारनाथ धाम की थीम पर तैयार किया शिविर
मुकेश शर्मा के अनुसार, यह शिविर केदारनाथ धाम की थीम पर तैयार किया गया है। यहां वातानुकूलित विश्राम पंडाल, भोजन, जलपान, दूध, रस, फल और बादाम रगड़ा उपलब्ध है। स्नान और स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था भी की गई है। कांवड़ यात्रियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और चिकित्सा सुविधा है। एक समय में करीब 600 से 700 कांवड़ यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था है।
-
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने भी लिया व्यवस्थाओं का जायजा
विधायक मुकेश शर्मा की ओर से आयोजित श्री शिव कांवड़ सेवा शिविर में रविवार को केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पहुंचे। दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने शिवभक्तों की सेवा और सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान हरियाणा सरकार के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और विधायक बिमला चौधरी भी शिविर में मौजूद रहीं। शिविर में पहुंचने पर विधायक मुकेश शर्मा और उनके परिवार ने अतिथियों का स्वागत किया। राव इंद्रजीत सिंह और गिरिराज सिंह ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि, जनकल्याण और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा के लिए प्रार्थना की।