टेंडर किए गए जारी, जल्द कार्य शुरू होने की उम्मीद
नंबर गेम- 96 लाख रुपये किए जाएंगे खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। आईएमटी मानेसर और आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम और संकरी सड़कों की समस्या से राहत मिलने वाली है। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने क्षेत्र की दो प्रमुख सड़कों को चौड़ा करने की योजना शुरू कर दी है। इसके लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
इस परियोजना पर करीब 96 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।सेक्टर-3 से गांव खोह तक जाने वाली सड़क वर्तमान में यह सड़क 7 मीटर चौड़ी है, जिसे बढ़ाकर 12 मीटर किया जाएगा। इस कार्य पर करीब 83.69 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा गांव कांकरौला से आईएमटी मानेसर को जोड़ने वाली सड़क का भी चौड़ीकरण किया जाएगा। यह सड़क अभी काफी संकरी है, जिसके कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है। सड़क को चौड़ा करने पर करीब 12.55 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
आईएमटी मानेसर में बड़ी संख्या में उद्योग और कंपनियां हैं। यहां हजारों कर्मचारी रोजाना काम करने आते हैं। इनमें से कई कर्मचारी आसपास के गांवों और कॉलोनियों में किराये पर रहते हैं। सुबह और शाम शिफ्ट बदलने के समय सड़कों पर वाहनों और कर्मचारियों की भीड़ बढ़ जाती है, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कें चौड़ी होने से आवाजाही आसान होगी और समय की बचत भी होगी। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी कम होगा।
दोनों सड़कों के चौड़ीकरण के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं। प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। सड़कें चौड़ी होने से आईएमटी क्षेत्र में काम करने वाले हजारों कर्मचारियों, स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को सीधा लाभ मिलेगा। -राजीव गोयल, एजीएम, एचएसआईआईडीसी