वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला जा रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। रफ्तार का रोमांच कुछ चालकों पर इतना है कि वह मोटरसाइकिल की तेज रफ्तार में अपनी सुरक्षा पर ध्यान कम दे रहे हैं लेकिन वीडियो के व्यूज पर ज्यादा ध्यान है। साइबर सिटी के गोल्फ कोर्स रोड पर बीते कुछ दिनों से दो मोटरसाइकिल चालक रात के दौरान अपनी मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार में भगाते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं।
लगातार वीडियो बनाने पर भी यातायात पुलिस का ध्यान नहीं जा रहा है। कुछ ही सेकेंड में वह अपनी मोटरसाइकिल को 200 की स्पीड से ऊपर तक ले जाते हैं। मोटरसाइकिल चालकों से इस दौरान अगर कोई चूक हुई तो उनके साथ ही अन्य लोगों की जान खतरे में आ सकती है। उनकी तरफ से तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल सिर्फ एक बार नहीं चलाई गई। वह बीते दिनों से लगातार चला रहे हैं और उसकी वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं। उनकी वीडियो पर लाखों में व्यूज भी आ रहे हैं। सिर्फ रात में ही चालक मोटरसाइकिल को चला रहे हैं।
वर्जन
वीडियो की जांच की जा रही है। जल्द ही चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - संजय, एसीपी ट्रैफिक ईस्ट