गुरुग्राम। फर्रुखनगर क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव के पास कंटेनर की टक्कर से एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। वहीं, मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारने के बाद चालक कंटेनर छोड़कर मौके से फरार हो गया। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महचाना गांव निवासी गजेंद्र सिंह ने शिकायत में बताया कि शुक्रवार को वह कासन गांव स्थित अपने एक परिचित के यहां शादी समारोह में गए थे। वहीं पर उनका छोटा भाई तजेंद्र भी मिल गया। दोनों अलग-अलग मोटरसाइकिल से वापस जा रहे थे। गांव मोहम्मदपुर के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ने आगे चल रहे उनके भाई को टक्कर मार दी। तजेंद्र मोटरसाइकिल से गिर कर कंटेनर के पिछले पहियों में फंस गया। कुछ दूर जाने के बाद चालक ने कंटेनर को मौके पर ही छोड़ दिया और फरार हो गया। गजेंद्र जब तक अपने छोटे के भाई के पास पहुंचते तजेंद्र की मौत हो चुकी थी। ब्यूरो