गुरुग्राम। सेक्टर-57 रेडलाइट के पास बृहस्पतिवार रात सड़क किनारे बिना संकेतक खड़े डंपर से मोटरसाइकिल टकराने पर चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान बिहार के समस्तीपुर जिले के सिनिया बेला गांव निवासी विनय मुखिया के रूप में हुई है। वह दिल्ली के संगम विहार में रहते थे। पुलिस के अनुसार विनय रात में मोटरसाइकिल से एसपीआर की ओर जा रहे थे। सेक्टर-57 रेडलाइट के पास सड़क किनारे बिना चेतावनी संकेत या इंडिकेटर के डंपर खड़ा था। अंधेरे में डंपर दिखाई नहीं देने पर उनकी बाइक पीछे से उसमें टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डंपर चालक की तलाश की जा रही है। संवाद