गुरुग्राम। विदेशी नागरिक पैट्रिक डीजविंस्की को फर्जी दस्तावेज के आधार पर जमानत दिलाने के आरोपी पंकज कुमार की जमानत याचिका अतिरिक्त सत्र एवं न्यायाधीश डॉ. गगन गीत कौर की अदालत ने खारिज कर दी। अदालत में सामने आया कि पैट्रिक को जमानत दिलाने के लिए विश्वजीत मलिक के नाम से फर्जी आधार कार्ड लगाया गया था, जिसमें किसी अन्य व्यक्ति की फोटो थी। जांच में विश्वजीत मलिक और नरेश कुमार ने दस्तावेज देने से इनकार किया। पुलिस ने मामले में अनिल कुमार और महिपाल को गिरफ्तार किया है। अदालत ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने और जमानत प्रक्रिया में कथित फर्जीवाड़े की गंभीरता को देखते हुए पंकज कुमार को जमानत देने से इनकार कर दिया। संवाद