बुकिंग के साथ-साथ शुभ काल में नए प्रोजेक्ट भी हो रहे हैं शुरू
नए शुरू हो रहे प्रोजेक्टों में आवासीय और कॉमर्शियल दोनों शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नवरात्रि के दिनों में रियल एस्टेट के क्षेत्र में भी माता का आशीर्वाद बरस रहा है। अलग-अलग प्रोजेक्ट में 10 से लेकर 15 फीसदी तक फ्लैट बुक कराने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। क्षेत्र के जानकार कहते हैं कि कोरोना महामारी के बाद यह पहला नवरात्र है जिसमें इस तरह का उछाल देखने को मिल रहा है। यह रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए शुभ संकेत हैं।
रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि वैश्विक आर्थिक हालात और छोटे-बड़े कॉरपोरेट्स में छंटनी के बीच भारतीय हाउसिंग मार्केट बेहतर दिखाई दे रहा है। सन 2023 की पहली तिमाही यानी जनवरी से मार्च के बीच अच्छी डिमांड देखने को मिली। नवरात्र में बुकिंग में इजाफा हुआ जो कि बीते साल की तुलना में 15 फीसदी ज्यादा हैं। रियल एस्टेट सर्विस कंपनी एनरॉक के डाटा के मुताबिक ये जानकारी सामने आई है।
शुभ समय में नए प्रोजेक्ट भी हुए हैं शुरू
गुरुग्राम। नवरात्र में ही शहर में कुछ नए प्रोजेक्ट भी लांच हुए हैं। लांचिंग के लिए नवरात्र को बेहद शुभ अवसर मानते हुए व्यवसायिक और आवासीय दोनों प्रकार के प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं। सेक्टर-79, सेक्टर-37 डी और सेक्टर-92 में इंडिपेंडेंट फ्लोर परियोजनाओं और शॉप - कम - ऑफिस (एससीओ) प्लॉट्स का प्रोजेक्ट सिग्नेचर ग्लोबल ने शुरू किया है। सेक्टर-79-बी में सिग्नेचर ग्लोबल सिटी 79 बी और सेक्टर-92 में सिग्नेचर ग्लोबल सिटी 92 प्रोजेक्ट भी शुरू किए गए हैं। सेक्टर-114 में स्पेज़ ग्रुप ने कॉमर्शियल स्पेस, जैसे स्पेज़ प्लेटिनम टावर्स, स्पेज़ प्लाज़ो, स्पेज़ ट्रिस्टार और ग्रैंड सेंट्रल शुरू किया है।
क्या कहते हैं जानकार
नवरात्र वर्ष का एक शुभ समय होता है, जब परिवार संपत्ति खरीदने में निवेश करते हैं। आजकल उपभोक्ता महामारी के बाद अपने घरों के पास खुले हरे स्थानों और सुविधाओं पर ध्यान दे रहे हैं। नतीजतन, एक स्वस्थ और स्थायी जीवन शैली को बढ़ावा देने के लिए ग्रीन होम्स को बढ़ावा दे रहे हैं। - प्रदीप अग्रवाल, सिग्नेचर ग्लोबल
नवरात्र में रेजिडेंशियल सेगमेंट की मांग अधिक देखी जा रही है। इसकी बुकिंग भी हो रही है। रेजिडेंशियल और इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर सरकार के ध्यान देने के साथ-साथ, रियल एस्टेट सेगमेंट निवेश उद्देश्यों के लिए भी पूरी तरह से सक्षम है।- अश्वनी कुमार, पिरामिड इंफ्राटेक
गुरुग्राम शहर में प्रमुख सात शहरों में प्रवृत्ति के विपरीत, वित्त वर्ष 2023 की पहली तिमाही में बिक्री में अच्छे परिणाम देखे गए हैं। नवरात्र में भी खरीदारों से अच्छा उत्साह देखने को मिला है। द्वारका एक्सप्रेसवे और एसपीआर के आसपास के स्थानों में अच्छी मांग है। - राजेश के सराफ, एक्सिओम लैंडबेस