अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भाजपा ने विधानसभा चुनावों के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में गुरुग्राम जिले की पटौदी विधानसभा सीट से वर्तमान विधायक सत्यप्रकाश जरावता का टिकट कट गया है। उनके स्थान पर पूर्व विधायक बिमला चौधरी को टिकट दी गई है। हालांकि टिकट की दौड़ में दर्जनों नेता शामिल थे।
भाजपा ने पटौदी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सत्यप्रकाश जरावता का टिकट काटकर पूर्व विधायक बिमला चौधरी को मैदान में उतारा है। वर्ष 2014 में पहली बार पटौदी में बिमला ने ही कमल खिलाया था। साल 2019 में उनका टिकट काट दिया गया था। इस बार वह टिकट की दौड़ में आगे थीं। मंगलवार को जारी भाजपा की दूसरी सूची में उनका नाम आ गया। वह सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की करीबी मानी जाती हैं। वहीं, कांग्रेस ने पटौदी एससी सीट पर अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है। टिकट मिलने के साथ ही बिमला चौधरी मंगलवार शाम को ही अपने समर्थकों के साथ जाटोली स्थित हरदेवा मंदिर पहुंची और माथा टेका।