गुरुग्राम। गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही शहीदी यात्रा को रविवार को गुरुग्राम से रेवाड़ी के लिए रवाना किया गया। सुबह गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा (सेक्टर-46) में अरदास के बाद विधायक मुकेश शर्मा ने पंज प्यारे की अगुवाई में यात्रा को विधिवत रवाना किया। यात्रा के प्रस्थान के दौरान बड़ी संख्या में सिख संगत और श्रद्धालु उपस्थित रहे। रास्ते भर संगत द्वारा पुष्पवर्षा करते हुए यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने विभिन्न स्थानों पर लंगर और प्रसाद की व्यवस्था कर सेवा भाव का परिचय दिया। गुरु तेग बहादुर के महान बलिदान और मानवीय मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने वाली यह शहीदी यात्रा विभिन्न जिलों से गुजरते हुए 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समापन समारोह में पहुंचेगी। ब्यूरो