विधायक ने शहर को स्वच्छ बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से रविवार को गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से बाबा प्रकाशपुरी चौक तक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व विधायक मुकेश शर्मा ने किया। उन्होंने खुद श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
विधायक ने कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दो इलेक्ट्रिक रिक्शा वाहनों का भी शुभारंभ किया। इन वाहनों का उपयोग शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों से कूड़ा-कचरा एकत्रित करने में किया जाएगा, जिससे स्वच्छता व्यवस्था को और गति मिलेगी। विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि मेरा गुरुग्राम, मेरी जिम्मेदारी केवल एक नारा नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास सफाई बनाए रखने, कूड़ा खुले स्थानों पर नहीं फेंकने और शहर को स्वच्छ बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
अभियान में श्री श्याम परिवार महासंघ, श्री श्याम सनातन परिवार, श्री खाटू श्याम प्रेमी परिवार, श्री लखदातार परिवार, बालाजी सेवा समिति, महिला शक्ति मंच तथा श्री श्याम मंदिर अशोक विहार की पूरी टीम ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इसके अलावा सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन सुरेंद्र शर्मा एवं विकास स्वामी, पार्षद सुरेखा चौहान, पार्षद सारिका प्रशांत भारद्वाज, विक्रम जांगड़ा, वरुण शर्मा, हनुमान प्रसाद, दीपक भारद्वाज, राजिंदर सैनी, बृजकिशोर शर्मा, इंद्रपाल सल्ले, गौरव शर्मा, ईश्वर शर्मा और आनंद चौबे समेत अन्य उपस्थित रहे।