पटौदी। विधायक बिमला चौधरी ने चलो गांव की ओर कार्यक्रम के तहत कई गांवों में सड़कों की मरम्मत कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने इंछापुरी, शेरपुर, बाराहेड़ी, रहणवा और जमालपुर जैसे गांवों का दौरा किया और ग्रामीणों के साथ जनसंवाद भी किया।
ग्रामीणों ने उनका फूल मालाओं और शॉल पहनाकर स्वागत किया। विधायक ने सड़क मरम्मत कार्यों की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि कई सड़कों की मरम्मत अलग-अलग लागत से की जाएगी। इनमें रहणवा से चिल्हड़ तक 2.60 किलोमीटर सड़क की मरम्मत 33.51 लाख रुपये में, जमालपुर से घोषगढ़-ततारपुर तक 3.10 किलोमीटर सड़क की मरम्मत 47.18 लाख रुपये में, जमालपुर से घोषगढ़ तक 3.30 किलोमीटर सड़क की मरम्मत 53.72 लाख रुपये में और पहाड़ी से इंछापुरी तक 1.46 किलोमीटर सड़क की स्पेशल मरम्मत 74.26 लाख रुपये की लागत से होगी। विधायक बिमला चौधरी ने कहा कि इन सड़कों के बनने से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने जनसंवाद के दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। संवाद