संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने कॉलेजों में रिक्त सीटों को भरने के लिए एक बार फिर 30 सितंबर तक पोर्टल खोला है। अभी तक दाखिला नहीं लेने वाले छात्र अब यूजी और पीजी में 30 सितंबर तक दाखिला ले सकेंगे। पोर्टल खुलने के बाद भी कॉलेजों में दाखिला लेने के लिए नाममात्र ही छात्र पहुंच रहे हैं। कॉलेज प्रबंधन को रिक्त सीटें भरने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लेना पड़ रहा है।
व्हाट्सएप ग्रुप, फोन व अन्य माध्यम से छात्रों को पोर्टल खुलने के बारे में अवगत कराया जा रहा है, ताकि छात्र अंतिम अवसर का फायदा उठाकर दाखिला ले सकें। किन्हीं भी कारणों से कॉलेजों में दाखिला लेने से वंचित रहे छात्रों को निदेशालय की ओर से एक सप्ताह से अधिक का अंतिम अवसर दिया गया है। ऐसे में कॉलेजों में छात्रों को राहत देते हुए एक बार फिर दाखिला प्रक्रिया शुरू की गई है।
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने स्नातक प्रथम, द्वितीय, तृतीय व स्नातकोत्तर प्रथम, द्वितीय वर्ष के लिए दाखिला प्रक्रिया फिर से प्रारंभ की है। अब तक दाखिले से वंचित छात्र 30 सितंबर तक आवेदन व फीस जमा करवाकर दाखिला ले सकते हैं। - प्रोफेसर जेपी कौशिक, राजकीय डिग्री कॉलेज