गुरुग्राम। चोरी व ठगी के लिए बदमाश इन दिनों अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। इसी क्रम में पंजाब से आए युवक को एक बदमाश ने यह कहकर उसके दो लाख उड़ा दिए कि सर, कार के बाहर आपके पैसे गिरे हैं। पीड़ित की शिकायत पर गुरुग्राम सिटी थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पंजाब के गुरदासपुर जिला अंतर्गत खान गांव निवासी कुलजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ट्रांसपोर्ट के बिजनेस के साथ ही जेसीबी व पोकलेन खरीदने व बिक्री करने का काम करते हैं। इसी सिलसिले में वह 21 जनवरी को गुरुग्राम आए हुए थे। वह शहर के ही एक होटल में रुके हुए थे। पोकलेन खरीदने के लिए उन्होंने किसी से दो लाख रुपये लिए थे।
कुलजीत के मुताबिक, शुक्रवार को सुबह करीब 11.35 बजे वह सम्राट होटल से चेक आउट कर निकले ही थे कि उनकी कार की विंडो के पास आकर एक युवक ने उनके पैसे गिरने की बात कही। यह देखने के लिए वह कार से उतरे और जमीन पर पड़े हुए पैसों को उठाकर उन्होंने पास के ही एक दुकानदार को दे दिया। कुलजीत जब कार में बैठकर जाने लगे तो देखा कि कार की पिछली सीट पर रखा उनका बैग गायब था, जिसमें दो लाख रुपये नकद व डेबिट व क्रेडिट कार्ड रखे हुए थे। कुलजीत की शिकायत के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।