भोंडसी जेल मोड़ के पास 3 अक्तूबर की रात हुई घटना
पुलिस के मुताबिक, दोनों तरफ से चली गोलियां
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भोंडसी जेल मोड़ के पास 3 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) व बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। तीन गाड़ियों में सवार 10 से 12 बदमाशों ने एसटीएफ की गाड़ी में टक्कर मारने के बाद जवानों के साथ मारपीट की। इस दौरान दोनों ओर फायरिंग भी हुई। मुठभेड़ में एसटीएफ के दो जवानों को चोटें आई हैं।
हमले के बाद बदमाश अपनी गाड़ियों में सवार होकर भाग गए। एसटीएफ के पीएसआई राजकुमार की शिकायत पर पुलिस ने 10-12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भोंडसी थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। जानकारी के अनुसार, एसटीएफ की टीम एक आरोपी के संबंध में सूचना मिलने पर भोंडसी जेल मोड़ के पास पहुंची थी। इसी दौरान तीन गाड़ियों में सवार संदिग्ध वहां पहुंचे। जवानों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने एसटीएफ की गाड़ी में टक्कर मार दी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किया गया, लेकिन बदमाशों ने टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद फायरिंग हुई और आरोपी मौके से भाग गए। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमें लगी हैं।