गुरुग्राम के पटौदी रोड स्थित वजीरपुर गांव के पास मंगलवार की रात करीब 12.15 बजे हुई इस मुठभेड़ में चार बदमाशों के पैरों में गोलियां लगी हैं, जबकि घटनास्थल से भाग रहे एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटनास्थल से चार पिस्टल, एक देसी कट्टा, छह कारतूस और एक इनोवा गाड़ी बरामद की गई। मुठभेड़ में कुल 19 राउंड फायर हुए थे। इनमें 11 राउंड आरोपियों की ओर से और आठ राउंड फायर पुलिस टीमों ने किए थे। मुठभेड़ के बाद पुलिस की फिंगरप्रिंट, एफएसएल, सीन ऑफ क्राइम की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और 18 खाली खोल कारतूस बरामद किए।
आरोपियों की पहचान सोनीपत के जाजल गांव निवासी शुभम उर्फ काला, सोनीपत के छतेहरा बहादुरपुर गांव निवासी आशीष उर्फ आशु, झज्जर के लोहा माजरा गांव निवासी विनोद उर्फ पहलवान व पदम उर्फ राजा और सोनीपत के दीपालपुर गांव निवासी गौतम उर्फ गोगी के रूप में हुई है। मुठभेड़ में गोली लगने से घायल आरोपी शुभम उर्फ काला, पदम उर्फ राजा, आशीष उर्फ आशु और विनोद उर्फ पहलवान को उपचार के लिए सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, आरोपी गौतम उर्फ गोगी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
बॉलीवुड गायक राहुल फाजिलपुरिया के घर से महज 15 किमी दूरी पर पुलिस टीम ने पांचों बदमाशों का एनकाउंटर किया है। अंदेशा है कि बदमाश गायक पर हमला करने की फिराक में थे। उससे पहले ही 14 जुलाई की शाम फायरिंग करने और 4 अगस्त की रात रोहित शौकीन की हत्या मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद सुनील सरधानिया और दीपक नांदल गैंग के पांच बदमाशों को काबू कर लिया। इस मुठभेड़ के दौरान चार बदमाशों के पैरों में गोलियां लगी हैं, जबकि एक बदमाश को गिरफ्तार किया गया है। इनमें तीन बदमाश सोनीपत जिले और दो बदमाश झज्जर जिले के हैं।
ये बदमाश विनोद उर्फ पहलवान, पदम उर्फ राजा, शुभम उर्फ काला, आशीष उर्फ आशु और गौतम उर्फ गोगी हैं, जोकि रोहित शौकीन की हत्या करने और गायक राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग करने के मामलों में वांछित हैं। अपराध शाखा सेक्टर-31, सेक्टर-43 और मानेसर की तीन टीमों ने स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) गुरुग्राम के साथ वजीरपुर गांव से पटौदी रोड की ओर बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी की। बिना नंबर प्लेट की इनोवा गाड़ी वजीरपुर-पटौदी रोड से आती दिखाई दी तो उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाश रुके नहीं। एक किमी तक पीछा करने के बाद पुलिस पर बदमाशों ने अपराध शाखा फायरिंग की, जिसमें गोली गाड़ी पर लगी। अपराध शाखा मानेसर टीम की घेराबंदी के बाद बदमाशों ने गाड़ी को घुमा लिया।
दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली
घेराबंदी होते ही बदमाशों ने पुलिस टीमों पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में एक गोली निरीक्षक आनंद और एक गोली उपनिरीक्षक ललित की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इससे दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे। पुलिस ने बदमाशों को हवाई फायर करके आत्मसमर्पण करके लिए कहा तो बदमाशों ने फायरिंग जारी रखी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की गई। इस फायरिंग में चार बदमाशों के पैरों में गोली लगी। वहीं, एक बदमाश भागने लगा तो पुलिस ने उसको भी काबू किया। आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-10 थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
10वीं तक पढ़ा है 19 साल का गौतम उर्फ गोगी
बदमाशों की पहचान सोनीपत के जाजल गांव निवासी शुभम उर्फ काला, सोनीपत के छतेहरा बहादुरपुर गांव निवासी आशीष उर्फ आशु, झज्जर के लोहा माजरा गांव निवासी विनोद उर्फ पहलवान व पदम उर्फ राजा और सोनीपत के दीपालपुर गांव निवासी गौतम उर्फ गोगी के रूप में हुई है। मुठभेड़ में गोली लगने से घायल आरोपी शुभम उर्फ काला, पदम उर्फ राजा, आशीष उर्फ आशु और विनोद उर्फ पहलवान को उपचार के लिए सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, आरोपी गौतम उर्फ गोगी (19 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह 10वीं कक्षा तक पढ़ा है। बदमाशों से लाखों की कीमत के दो विदेशी पिस्टल बरामद किए गए हैं।
डकैती और जान से मारने के पहले से दर्ज हैं मुकदमे
बदमाशों का आपराधिक रिकॉर्ड जांचने पर पता चला कि आरोपी विनोद उर्फ पहलवान पर डकैती करने, चोरी करने व शस्त्र अधिनियम, चोरी करने के तहत सात आपराधिक मामले पहले भी दर्ज हैं। आरोपी पदम उर्फ राजा पर चोरी करने, जान से मारने का प्रयास करने, जान से मारने की धमकी देने, शस्त्र अधिनियम के तहत सात आपराधिक मामले पहले भी दर्ज हैं। आरोपी शुभम उर्फ काला पर चोरी करने, जान से मारने का प्रयास करने, जान से मारने की धमकी देने, शस्त्र अधिनियम के तहत पांच आपराधिक मामले पहले भी दर्ज हैं।
सुनील सरधानिया और दीपक नांदल ने ली थी जिम्मेदारी
14 जुलाई की देर शाम को सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर बॉलीवुड गायक राहुल फाजिलपुरिया की थार गाड़ी पर फायरिंग की गई थी। इसके घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट में सुनील सरधानिया, दीपक नांदल और राव इंद्रजीत यादव ने गायक पर फायरिंग करने की जिम्मेदारी ली थी। इस पोस्ट में गैंगस्टर सुनील सरधानिया ने कहा था कि दीपक नांदल के जो पांच करोड़ रुपये राहुल ने लिए हैं, वह उसे देने पड़ेंगे। रुपये न देने पर करीबियों को मारने की धमकी भी दी गई थी। 04 अगस्त की रात को करीब 9 बजे सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) दिल्ली के कमरूद्दीन नगर, निहाल विहार निवासी रोहित शौकीन (39 वर्ष) की गोलियाें से भूनकर हत्या कर दी थी। रोहित शौकीन को गायक राहुल फाजिलपुरिया का करीबी बताया जा रहा था। इस हत्या के बाद भी सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में गैंग्सटर सुनील सरधानिया ने रोहित शौकीन की हत्या कराने की जिम्मेदारी ली थी। पोस्ट में आगे लिखा कि फाजिलपुरिया, हमारे पैसे देने पड़ेगे वर्ना इस लड़ाई में बहुत लोग मारे जाएंगे अगर रुपये नहीं दिए।