छात्रा को झांसे में लेकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, डीएलएफ फेज-3 थाने में प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-3 थाना के अंतर्गत नाथूपुर क्षेत्र में 10वीं कक्षा की छात्रा को युवक द्वारा झांसे में लेकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। नाबालिग छात्रा को पेट दर्द होने पर परिजन जब उसे अस्पताल लेकर गए तो उसके गर्भवती होने के बारे में पता चला। परिजनों की शिकायत पर डीएलएफ फेज-3 थाने में आरोपी के खिलाफ 6 अगस्त को पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
नाबालिग छात्रा की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी 10वीं कक्षा में पढ़ती है। एक परचून की दुकान पर काम करने वाले युवक से उनकी बेटी की करीब एक साल से जान-पहचान थी। आरोप है कि युवक ने नाबालिग को बहकावे व झांसे में लिया और नाबालिग के साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता ने जब इसका विरोध किया या किसी को बताने की कोशिश की तो आरोपी ने उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर खामोश करा दिया।
5 अगस्त को जब नाबालिग लड़की के पेट में तेज दर्द उठा तो परिजन उसे सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल लेकर गए। डॉक्टरों द्वारा जांच किए जाने के बाद खुलासा हुआ कि नाबालिग गर्भवती है। जब परिजनों ने नाबालिग से पूछताछ की तो उसने आरोपी के बारे में बताया।
परिजनों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके 6 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। -सुमित, इंस्पेक्टर व प्रभारी, डीएलएफ फेज-3 थाना