विद्यार्थियों ने पौधरोपण के साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम और द बीकन स्कूल सेक्टर-64 की ओर से कचरा प्रभावित क्षेत्र (वर्नेबल) को मिनी फॉरेस्ट में बदलने के लिए सोमवार को पौधरोपण अभियान चलाया गया। अभियान में स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हिस्सा लेकर 250 पौधे लगाए। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पौधों की देखभाल का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर पहले कचरे का ढेर था, वहां मिनी फॉरेस्ट विकसित होना सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी का उदाहरण है। विद्यार्थियों से उन्होंने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
वार्ड-15 की पार्षद भारती हरसाणा ने लोगों से जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसरों पर पौधा लगाने और देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी उठाए तो गुरुग्राम को आने वाले वर्षों में और अधिक हरा-भरा बनाया जा सकता है।
स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि स्वच्छ शहर केवल सफाई कर्मचारियों के प्रयास से नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से बन सकता है। उन्होंने खुले में कचरा नहीं डालने और कचरे का उचित निस्तारण करने की अपील की।
प्रिंसिपल रूपा मिधा ने नगर निगम की टीम का आभार जताते हुए कहा कि कचरे के ढेर वाले स्थान का हरित क्षेत्र में बदलना प्रेरणादायक पहल है। कार्यक्रम के अंत में प्रिंका यादव ने उपस्थित विद्यार्थियों और लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार और पार्षद भारती हरसाणा ने स्कूल, एमसीजी के सफाई निरीक्षक जितेंद्र, कुलदीप हिन्दुस्तानी, प्रिंका यादव, सहायक सफाई निरीक्षक अकरम, शकील तथा एचएमएस टीम को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।