संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। साबी नदी में औद्योगिक क्षेत्रों व मसानी बैराज का दूषित पानी छोड़ने को लेकर विरोध शुरू हो गया है। पटौदी क्षेत्र के 10 से अधिक गांवों के सरपंचों ने पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच को ज्ञापन सौंपकर विरोध जताया है। ज्ञापन के जरिये मांग की गई है कि नदी को दूषित होने से बचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
सरपंचों द्वारा पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच को सौंपे ज्ञापन में कहा कि प्रस्तावित परियोजना के तहत मसानी बैराज के दूषित जल को साबी नदी के मार्ग से आगे भेजने की योजना बनाई गई है। वहीं, पटौदी के गांव मौजबाद तक तो पाइपलाइन के माध्यम से रेवाड़ी एवं औद्योगिक क्षेत्रों का गंदा पानी आ रहा है। ये दूषित पानी पटौदी क्षेत्र में आने से डेढ़ दर्जन से भी ज्यादा गांवों में किसानों की फसलों पर भी बुरा असर पड़ेगा।
वहीं, एसडीएम दिनेश कुमार ने सरपंचों को विश्वास दिलाते हुए कहा है कि इस संबंध में रेवाड़ी के सिंचाई अधिकारियों से बातचीत करेंगे। इस अवसर पर सरपंच एकता मंच के जिला अध्यक्ष अजीत सिंह, सुधीर कुमार, हरदेव, कौशल, देशराज, अशोक कुमार, लीलू राम, लालाराम, सुनील सहित काफी संख्या में सरपंच मौजूद रहे।