-भारत मुक्ति मोर्चा व राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा ने देश के 625 जिलों में सौंपे ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। भारत मुक्ति मोर्चा एवं राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को अल्पसंख्यकों के ज्वलंत मुद्दों को लेकर जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत आयोजित किया गया, जिसमें देश के 31 राज्यों के 625 जिलों में एक साथ ज्ञापन देने का दावा किया गया।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष समय सिंह सलम्बा ने बताया कि संगठन द्वारा संविधान विरोधी कानूनों को वापस लेने, धार्मिक संस्थाओं पर हमले रोकने तथा सभी वर्गों विशेषकर ओबीसी की जाति आधारित जनगणना कर संख्या के अनुपात में हिस्सेदारी देने की मांग उठाई गई है। उन्होंने कहा कि आंदोलन में अल्पसंख्यकों से जुड़े करीब 10 प्रमुख मुद्दों को शामिल किया गया है। राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा नूंह के जिला अध्यक्ष दीन मोहम्मद मामलीका ने कहा कि मॉब लिंचिंग और गोकशी के नाम पर हो रही हत्याओं पर तुरंत रोक लगाई जाए। साथ ही बेगुनाह मुसलमान और ईसाई युवाओं व उलेमाओं की रिहाई तथा अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए कम्युनल वायलेंस प्रीवेंशन एक्ट लागू करने की मांग की गई। इस अवसर पर विजय कुमार बागोरिया, सूबेदार चमनलाल बौद्ध, डॉ. जफर अल्वी, तौफीक बूराका, मौलाना ताहिर हुसैन सहित कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।