सोनम वांगचुक भर्ती, अस्पताल के अंदर जाने वाले वाहनों की भी जांच की जा रही
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। छात्रों के समर्थन में पिछले 25 दिनों से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को 21 जुलाई की देर शाम मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार से ही अस्पताल के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती है। बुधवार को अस्पताल में थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था की गई, ताकि कोई प्रदर्शनकारी अस्पताल परिसर में पहुंचकर हंगामा न कर दे। ऐसे में बिना आईडी और कारण बताए किसी भी व्यक्ति को अस्पताल में प्रवेश करने नहीं दिया जा रहा है।
अस्पताल के मेन गेट पर प्रबंधन की ओर से सिक्योरिटी और गुरुग्राम पुलिस के कई कर्मचारी तैनात किए गए हैं। अस्पताल में आने वाले स्टाफ के आईकार्ड, मरीजों के तीमारदारों के पास मरीज संबंधित जानकारी, ओपीडी के अप्वाइंटमेंट संबंधित मैसेज देखकर ही गेट के अंदर जाने दिया जा रहा है। वहीं, अस्पताल के अंदर जाने वाले वाहनों की भी जांच की जा रही है।
सपा नेताओं ने दिया शांतिपूर्वक धरना
बुधवार की दोपहर को सिक्योरिटी गार्ड व पुलिसकर्मियों को चकमा देकर समाजवादी पार्टी के दो नेता हाथों में बैनर लेकर अस्पताल परिसर में शांतिपूर्वक धरने पर बैठ गए। इनमें एक कामेश्वर उर्फ किशन दीक्षित है, जिन्होंने वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री मोदी के खास प्रत्याशी नीलकंठ तिवारी के खिलाफ दक्षिण वाराणसी से विधानसभा चुनाव लड़ा था और चुनाव में उनकी हार हुई थी। हालांकि कुछ देर धरना देने के बाद दोनों सपा नेता अपने बैनर लेकर वहां से चले गए। बुधवार को दोपहर करीब 2.30 बजे के बाद से मेदांता अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
अस्पताल में तीन स्तरीय सुरक्षा
मेदांता अस्पताल के मुख्य गेट पर अस्पताल के सिक्योरिटी कर्मी व गुरुग्राम पुलिस के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। हर व्यक्ति की जांच के बाद ही अस्पताल में प्रवेश दिया जा रहा है। दूसरे सुरक्षा घेरे में अस्पताल की जिस इमारत में सोनम वांगचुक भर्ती हैं, उसके बाहर हरियाणा व दिल्ली पुलिस के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इस इमारत में भर्ती मरीजों व तय समय पर उनके तीमारदार को ही प्रवेश की अनुमति है। वहीं, सोनम वांगचुक जिस फ्लोर पर भर्ती हैं, वहां पर सुरक्षा का तीसरा घेरा बनाया गया है। यहां पुलिस की निगरानी के साथ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रही है।
सिविल ड्रेस में क्राइम ब्रांच की टीमों को भी लगाया
बुधवार की दोपहर बाद काफी संख्या में पुलिसबल को मेदांता अस्पताल में तैनात किया गया। बसों में पुलिसकर्मी अस्पताल परिसर में पहुंचे जबकि काफी पुलिसकर्मी सुबह से ही अपने निजी वाहनों से अस्पताल में पहुंचे थे। दोपहर बाद अस्पताल परिसर के साथ ही गेट पर भी पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया था। अस्पताल के एंट्री गेट पर सिविल ड्रेस में क्राइम ब्रांच की टीमों को भी लगाया गया। शाम करीब 4 बजे अस्पताल के एंट्री गेट को पूरी तरह से सील कर दिया गया है, ताकि कोई भी व्यक्ति न जा सके।