22 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा भी की
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर की मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने बुधवार को गांव हयातपुर में एक करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बने कम्युनिटी सेंटर का उद्घाटन किया। इस मौके पर मेयर ने वित्त और संविदा समिति से गांव के लिए मंजूर 22 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की भी घोषणा की।
मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने कहा कि हयातपुर गांव के लोगों ने जो विश्वास मुझ पर किया है उसे पूरा करूंगी। उन्होंने निगम क्षेत्र की जनता का धन्यवाद दिया और कहा कि यह पूरा निगम मेरा घर है और यहां के लोग मेरा परिवार हैं। मेयर ने बताया कि वित्त और संविदा समिति ने हयातपुर के विकास के लिए 22 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दे दी है।
इनमें स्पोर्ट्स काॅम्लेक्स, इंडोर बैडमिंटन कोर्ट के अलावा सड़कें, नालियां, स्ट्रीट लाइट्स और पार्क विकसित किए जाएंगे। मेयर ने कहा कि ग्रामीण इलाकों को शहर की तरह सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। इस दौरान उनके साथ पार्षद भूपेंद्र, रवि यादव, रविंद्र यादव, जुगमिंदर, रामप्रकाश सहित निगम के अधिकारी व अन्य लोग मौजूद रहे।