संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को खेले गए रोमांचक मुकाबलों में मौर्य विद्यालय और ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल, सेक्टर-10 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
पहले मैच में मौर्य विद्यालय का सामना देव समाज स्कूल से हुआ। टॉस जीतकर देव समाज स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 156 रन बनाए। टीम की ओर से हर्षवीर ने 34 और तन्मय ने 20 रन का योगदान दिया। मौर्य विद्यालय की ओर से मौलिक ने चार विकेट, पांशुल गौर ने दो विकेट चटकाए। 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी देव समाज की टीम 16वें ओवर में 95 रन पर सिमट गई। शर्मा शिवम ने 33, दिक्षारन ने 20 रन जोड़े।
दूसरे मुकाबले में ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल, सेक्टर-10 ने मेमोरियल स्कूल को शिकस्त दी। मेमोरियल स्कूल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। ब्लू बेल्स स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 20 ओवर में चार विकेट पर 214 रन बनाए। आर्यन त्यागी ने 34, यथार्थ गौर ने 38 और शश्वत ने तेजतर्रार 28 रन की पारी खेली। मेमोरियल स्कूल के लिए वरुण और हार्दिक ने 2-2 विकेट झटके। जवाब में मेमोरियल स्कूल की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 150 रन ही बना सकी। टीम की ओर से गुगराज ने 60 रन की उम्दा पारी खेली।