गुरुग्राम। जिले के खंड शहरी-1 एवं खंड शहरी-2 के 177 और 156 आंगनबाड़ी केंद्रों में सेवा-संकल्प अभियान के तहत अंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तीसरे दिन विभिन्न गतिविधियां करवाई गई। तीन दिन के इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों पर मातृ संवाद एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें मां-बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मां-बच्चा खेल, प्रश्नोत्तरी, रंग भरना और रचनात्मक गतिविधियां करवाई गई। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में सीखने, रचनात्मकता और सहभागिता को प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर भाजपा सदस्य नीति चौपड़ा एवं अलका सचदेव महिला मंडल ने भी आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित गतिविधियों में भाग लिया। संवाद