सेक्टर-18 उद्योग विहार फेज-4 से विदेशी नागरिकों से ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर के भंडाफोड़ के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने शनिवार को मास्टरमाइंड दिल्ली के पश्चिमी सागरपुर निवासी उमेश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पूछताछ के लिए उमेश को नोटिस जारी किया था। शनिवार को पूछताछ के दौरान मिले सबूतों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। हालांकि पुलिस को आशंका है कि वो अपने नेटवर्क के जरिए देश में कई और जगह ऐसे कॉल सेंटर का संचालन कर रहा है।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) डीएलएफ करण गोयल ने बताया कि कॉल सेंटर से मिले हार्ड डिस्क और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को जांच के लिए मधुबन लैब भेजा गया है। उनसे मिलने वाले डाटा के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी से पूछताछ जारी है। गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय ई-कॉमर्स कंपनी अमेजॉन के नाम पर विदेशी नागरिकों को ठगने वाले फर्जी कॉल सेंटर का शुक्रवार रात को पुलिस ने भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने छापा मारकर मौके से 30 युवक-युवतियों को हिरासत में लेेते हुए तीन सीपीयू की हार्ड डिस्क व स्क्रिप्ट व फोटोग्राफ जब्त किए थे।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ था कि कॉल सेंटर से अमेरिका व मैक्सिको के नागरिकों को ठगी शिकार बनाया जाता था। दो माह में इन नागरिकों से करीब 80 लाख रुपये की ठगी की जा चुकी है।