गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर पुरानी मास्टर सीवर लाइन कई बार धंस चुकी है, यातायात होता था प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर आए दिन सड़क धंसने की समस्या से जल्द राहत मिलने वाली है। सुभाष चौक के पास स्थित 30-35 साल पुरानी मास्टर सीवर लाइन की मरम्मत अब भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कराएगा। इस पूरी परियोजना के लिए धनराशि गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण द्वारा दी जाएगी।
एनएचएआई के अनुसार, एलिवेटेड रोड के दायरे में करीब 200 मीटर मास्टर सीवर लाइन आती है। सर्विस रोड के साथ स्कूल और भारी ट्रैफिक के कारण इसे कहीं और शिफ्ट करना तकनीकी रूप से संभव नहीं है। इसी चुनौती को देखते हुए अब इसे शिफ्ट करने के बजाय मरम्मत करने का निर्णय लिया गया है।
सीआईपीपी तकनीक का होगा इस्तेमाल
पुरानी लाइन को दुरुस्त करने के लिए सीआईपीपी (क्योर्ड इन प्लेस पाइप) पद्धति का उपयोग किया जाएगा। इस आधुनिक तकनीक से बिना खुदाई किए पाइप के भीतर एक नई कोटिंग तैयार की जाती है, जिससे लाइन की मजबूती बढ़ जाती है। पहले इस लाइन का रखरखाव जीएमडीए करता था लेकिन हाईवे के नीचे होने के कारण अब एनएचएआई इस कार्य को करवाएगा।
-
मास्टर लाइन काफी पुरानी होने से धंसने की समस्या आती है। अब लोगों को जल्द इससे राहत मिलेगी। इस कार्य को एनएचएआई द्वारा कराया जाना है। -हेमंत कुमार, मुख्य अभियंता, जीएमडीए