आग लगने से जली हुई किसान की झोंपड़ी।
-12 कच्चे मकान, भूसा घर और लकड़ियों के ढेर हुए जलकर खाक
दमकल की पांच गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह विधानसभा क्षेत्र के बड़े गांव मेवली में शनिवार दोपहर करीब एक बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब एक दर्जन कच्चे मकान, भूसा घर और लकड़ियों के ढेर जलकर राख हो गए। इस घटना में दस से बारह परिवारों का भारी नुकसान हुआ है और कई परिवार बेघर हो गए हैं।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और नूंह, तावडू तथा पुन्हाना से फायर ब्रिगेड की कुल पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब तीन से चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की लपटें इतनी तेज थी कि आसपास के घरों तक फैलने का खतरा बना हुआ था, लेकिन समय रहते नियंत्रण कर लिया गया। आग में ग्रामीणों के ईंधन के लिए रखी लकड़ी, भूसे के बोंगे, उपलों के बिटोड़े सहित अन्य घरेलू सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई।
फायर स्टेशन अधिकारी अभिमन्यु शर्मा ने बताया कि आग काफी भीषण थी, लेकिन दमकल कर्मियों की तत्परता और समन्वय से बड़ा हादसा टल गया। यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो नुकसान और अधिक हो सकता था। घटना के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया। इनेलो जिलाध्यक्ष ताहिर हुसैन ने भी मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की व प्रशासन को घटना के बारे में अवगत कराते हुए सरकार से मुआवजे की मांग की। वहीं, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।