जल्द मांग पूरी नहीं होने पर प्रदर्शन तेज करने की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मारुति कुंज सोसाइटी निवासी मालिकाना हक के लिए पिछले एक साल से प्रदर्शन कर रहे है। रविवार को सोसाइटी निवासी दो लोग भूख हड़ताल पर बैठ गए। सोसाइटी निवासी अपने हक के लिए हर रविवार को भूख हड़ताल पर बैठते हैं। उनका कहना है कि जब तक उन्हें मालिकाना हक नहीं मिल जाता वह हर रविवार को भूख हड़ताल पर रहेंगे। पहले भी तीन रविवार को सोसाइटी के दो लोग भूख हड़ताल पर बैठ चुके हैं।
मारुति कुंज सोसाइटी के पूर्व उपाध्यक्ष अजीत तंवर ने बताया कि बीते रविवार को सोसाइटी निवासी जीतराम हुड्डा व रामस्वरूप भूख हड़ताल पर रहे। उन्होंने बताया कि मारुति कंपनी की तरफ से उन पर करीब 67 करोड़ रुपये की देनदारी है। इस देनदारी बकाए के चलते मारुति कंपनी उन्हें मालिकाना हक नहीं दे रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी की तरफ से फ्लैट की कीमत जो बनती थी उस कीमत को वह 2010 में पूरी कर चुके हैं।अब जो देनदारी कंपनी बताती है उसका वह सार्वजनिक रूप से ऑडिट कराने काे तैयार नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कंपनी जो देनदारी उन पर बताती है उसका बिल भी सोसाइटी निवासियों को नहीं दिखाती है। मालिकाना हक के लिए सोसाइटी निवासी करीब एक साल से सोसाइटी के गेट पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे है। उनका कहना है कि जल्द ही उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो वह प्रदर्शन को और तेज करेंगे।