स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी समिति ने मनाया हरियाणा शहीदी दिवस
गुरुग्राम। स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों की याद में स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी समिति ने हरियाणा शहीदी दिवस मनाया। समिति के पदाधिकारियों व हरियाणा पुलिस की एसआई रश्मि की ओर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। जिला युद्ध स्मारक पर शहीदों को पुष्प अर्पित कर एक मिनट का मौन धारण करके शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। समिति के कपूर सिंह दलाल ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को हमेशा याद रखना चाहिए और उनके परिवार का भी देखभाल करना सरकार व समाज का दायित्व बनता है। महासचिव सूबेदार बिजेंद्र सिंह ठाकरान ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक वर्ष पहले अवगत कराया था कि स्वतंत्रता सेनानी स्मारक प्रांगण में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा तथा डिजिटल लाइब्रेरी के साथ स्वतंत्रता सेनानी स्मारक के अधूरे कार्याें को पूरा कराया जाएगा। एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कार्य शुरू नहीं हुआ है। अधूरे कार्य जल्द पूरे करके सीएम से उद्घाटन कराया जाए। इस मौके पर समरजीत चौधरी, जगबीर सिंह सुखराली, लालचंद रोहिल्ला, अशोक गहलोत, कार्तिक गहलोत, बलजीत सिंह सरपंच, हरियाणा पुलिस की एसआई रश्मि ठाकराण व पुलिस की टुकड़ी के आठ जवान शामिल हुए। ब्यूरो