राज्य पुलिस और अर्धसैनिक बलों के शहीद अधिकारियों को किया नमन
- भोंडसी पुलिस प्रशिक्षण केंद्र की प्रभारी डीआईजी नाजनीन भसीन ने पुष्पचक किया अर्पित
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहीद किसी क्षेत्र विशेष की धरोहर न होकर संपूर्ण राष्ट्र की धरोहर होते हैं। उक्त बात भोंडसी पुलिस प्रशिक्षण केंद्र की प्रभारी डीआईजी नाजनीन भसीन ने पिछले एक साल के दौरान शहीद हुए राज्य पुलिस और अर्धसैनिक बलों के वीर अधिकारियों को नमन करते हुए कही। उन्होंने कहा कि वह चीफ मोरनर होते हुए स्वयं को शोकाकुल व गौरवांवित महसूस कर रही हूं।
डीआईजी नाजनीन भसीन ने कहा कि शोकाकुल हूं कि इस वर्ष मां भारती के 188 वीर पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने कर्तव्य की बलिवेदी पर अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उन वीर शहीदों को प्रणाम करने का सौभाग्य मुझे मिला है। इस अवसर पर परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक दयानंद ने वीर शहीद पुलिस अधिकारियों को शोक सलामी दी। चीफ मोरनर ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। नाजनीन भसीन ने बताया कि पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर के आदेशानुसार 21 से 31 अक्तूबर तक राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जा रहा है। जिसमें शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों का सम्मान, वाद-विवाद प्रतियोगता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन, खेल-कूद प्रतियोगता, प्रशिक्षणार्थियों को नेशनल पुलिस मैमोरियल नई दिल्ली की विजिट करवाना, स्वास्थ्य जांच शिविर, पुलिस बैंड शो, हथियारों की प्रदर्शनी के साथ-साथ 31 अक्तूबर को रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के दिन 31 अक्तूबर को प्रशिक्षणार्थियों द्वारा राष्ट्रीय एकता की शपथ ली जाएगी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मबीर सिंह, डीएसपी सुनील कादियान, संदीप मोर, राजीव, अमन कुमार, जसमेर, सुनिता रानी, जितेंद्र, राजबाला, अनिता सहित अन्य उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों ने वीर शहीद पुलिस कर्मियों व अधिकारियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।