रामलीला में युवक की हत्या का मामला, पड़ोसियों पर लगाए गंभीर आरोप
मामले में पुलिस कर चुकी है दो नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भीम नगर में रामलीला मंचन के दौरान युवक आशीष की हत्या मामले में परिजनों ने शनिवार की शाम को सिटी थाने का घेराव किया। परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया है। इसके साथ ही परिजनों ने आशीष की हत्या में पड़ोसियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि मामले में पुलिस ने भले ही दो नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन इस मामले में कई अन्य आरोपी भी हैं। परिजनों ने इन आरोपियों की भी गिरफ्तारी किए जाने की मांग की है।
परिजनों ने बताया कि आशीष का पड़ोसियों से विवाद चल रहा था। जिन्होंने उसे जान से मारने की कई बार धमकी दी थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि वारदात से पहले भी जो झगड़ा हुआ था। उसमें भी पड़ोसियों का भी हाथ है। वारदात के दिन भी जो झगड़ा हुआ वह भी पड़ोसियों के कहने पर ही हुआ है। हालांकि मामले में पुलिस ने दो नाबालिग सहित तीन आरोपियों को तो गिरफ्तार किया है, लेकिन मामले में कई अन्य आरोपी हैं और इस पूरी साजिश में कई और भी आरोपी हैं।
भीम नगर में रामलीला मंचन के दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पहचान 20 वर्षीय आशीष के रूप में हुई थी जो अपने चाचा के साथ डीजे का काम करता था। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग सहित तीन आरोपियों को काबू कर लिया, लेकिन परिजन पुलिस की कार्रवाई से नाखुश हैं। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज परिजनों ने सिटी थाने का घेराव किया और पुलिस से मांग की है कि वह मामले में निष्पक्ष जांच करते हुए अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करे।