फ्लाईओवर के पिलर्स पर शहीद की शौर्य गाथा संबंधित पेंटिंग बनाई जाएंगी
मनोज धर द्विवेदी
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण ओल्ड दिल्ली रोड स्थित शहीद लेफ्टिनेंट अतुल कटारिया चौक का सौंदर्यीकरण कराने जा रहा है। योजना के अनुसार विभिन्न प्रकार के देशी-विदेशी पौधे लगाए जाएंगे और फ्लाईओवर के पिलर्स पर शहीद की शौर्य गाथा संबंधित पेंटिंग बनाई जाएंगी।
ओल्ड दिल्ली रोड स्थित अतुल कटारिया चौक का पहले नगर निगम ने सौंदर्यीकरण कराया था और चौक पर हरियाली थी। जीएमडीए ने चौक पर कुछ साल पहले अंडरपास और फ्लाईओवर का निर्माण कराया है। इससे चौक की सुंदरता खराब हो गई है। अब जीएमडीए चौक को विभिन्न प्रकार से पौधों से सुंदर बनाने जा रहा है। इसके अलग-अलग कार्यों के लिए बजट का प्रावधान किया है। जीएमडीए चौक की बाउंड्रीवाल और फुटपाथ बनाने पर करीब 30 रुपये खर्च करेगा। जीएमडीए के सीईओ श्यामल मिश्रा ने सोमवार को सभी विंगों की समीक्षा बैठक की थी। इसमें उन्होंने सड़क, सीवर-पानी और यातायात से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर सिरे चढ़ाने के निर्देश दिया था।
जीएमडीए की पर्यावरण विंग चौक के सौंदर्यीकरण का काम जल्द शुरू कराने जा रही है। योजना के अनुसार चौक पर गोल्डन साइप्रस, फीनिक्स पाम, पेंसिल पाइन, रॉयल पाम, पांडा के पौधे, अल्टरनेंथरा, दुर्गा सोना, फाइकस पांडा, चांदनी, क्लेरोंडोडेन, काली घास, जेफिरैन्थेस ए रिबन घास व फाउंटेन घास समेत अन्य प्रकार के पौधे लगेंगे। करीब दो एकड़ में फैले चौक पर सोलर सिस्टम भी लगेगा। बता दें कि जीएमडीए ने सिलोखरा गांव के जोहड़ (तालाब) का जीर्णोद्धार कर मॉडर्न पिकनिक स्थल के रूप में विकसित किया है। यहां पर बच्चों के लिए झूले, ओपन थियेटर और पौधों के साथ वॉकिंग ट्रैक पर घास लगाई गई है। अब जीएमडीए अतुल कटारिया चौक को भी इसी प्रकार सजाने-संवारने जा रहा है।
पैदल और वाहन चालकों के लिए सुरक्षित बनेगी रोड
अतुल कटारिया चौक से सेक्टर पांच तक शीतला माता रोड को पैदल और वाहन चालकों के लिए सुरक्षित बनाया जाएगा। जीएमडीए शीतला माता रोड का अपग्रेडेशन (उन्नयन) कराने जा रहा है। 3.1 किलोमीटर लंबी सड़क पर ड्रेनेज, फुटपाथ और सीवर लाइन को बेहतर किया जाएगा। सड़क को चौड़ा करके, पानी निकासी और फुटपाथ समेत अन्य सुविधाएं बेहतर करने की योजना है। डीपीआर बनाने की जिम्मेदारी राहगीरी फाउंडेशन को दी है। शीतला माता मंदिर के पास एफओबी बन रहा है।