-पीड़िता की शिकायत की बात पर एक आरोपी ने पत्नी के साथ मिलकर पीटा
- दोनों आरोपियों के खिलाफ पटौदी थाने में शिकायत हुई दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पटौदी थाना क्षेत्र में विवाहिता ने दो लोगों पर दहेज के केस में फैसला कराने के झांसे में लेकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पीड़िता ने जब पुलिस को शिकायत देने की बात कही तो एक आरोपी ने पत्नी के साथ मिलकर उससे मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर 3 अप्रैल को पटौदी थाने में दो आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, धमकी देने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पटौदी क्षेत्र निवासी महिला ने शिकायत में बताया कि 8 साल पहले उसका निकाह हुआ था। ससुराल में अनबन होने के कारण वह अपने मायके में रहने लगी थी और पटौदी कोर्ट में ससुराल वालों के खिलाफ दहेज का केस चल रहा है। विवाहिता का आरोप है कि केस में फैसला करवाने के लिए वह पटौदी के पूर्व पार्षद जाहिद व सोनू के संपर्क में आई थी। जाहिद ने विवाहिता के ससुराल वालों से समझौता कराने की बात कहकर अक्तूबर 2024 में हेलीमंडी स्थित देव होटल में बुलाकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी कई बार अलग-अलग होटलों में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए।
17 फरवरी 2026 को पीड़िता को धमकी देकर बुलाया और जाहिद व सोनू ने सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि एक दिन वह अपनी बहन की बेटी को दवाई दिलवाने के लिए बाजार आई हुई थी तो रास्ते में जाहिद अपनी पत्नी के साथ मिला। जाहिद ने पीड़िता को पुलिस से शिकायत करने की बात पर धमकी दी और उससे मारपीट की। पीड़िता ने लीगल एडवाइजर की उपस्थिति में पटौदी थाना पुलिस को बयान दिए हैं। पटौदी थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।