धनतेरस पर ऑफर देकर आकर्षित कर रहे आभूषण विक्रेता, छूट के साथ दे रहे उपहार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। धनतेरस पर बर्तन, आभूषणों की दुकानों के साथ कारों और दोपहिया वाहनों के शोरूम भी सज गए हैं। बाजारों में लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। ज्वेलरी दुकानदारों ने बताया कि सोना और चांदी के बढ़े दामों के चलते थोड़ी सी मांग कम हुई है, पर ग्राहकों को नए-नए ऑफर देकर आकर्षित किया जा रहा है। एनआईटी 1 के कई सोना-चांदी विक्रेता दामों में छूट के साथ ग्राहकों को उपहार आदि भी दे रहे हैं। इसके अलावा बर्तनों की मार्केट में लोग ज्यादा खरीदारी कर रहे हैं।
एनआईटी 1 और 2 मार्केट की बर्तनों की दुकान पर खड़े कुछ ग्राहकों ने बताया कि धनतेरस पर सोने-चांदी की कोई वस्तु जरूर लेंगे। हालांकि दोनों ही महंगे हैं पर साल में एक बार त्योहार आता है। ऐसे में जरूर लेंगे। वहीं कुछ अन्य लोगों ने बताया कि चांदी की चम्मच और क्रॉकरी सेट दोनों लेने हैं, पर बजट पर निर्भर करेगा कि क्या लेकर जाते हैं।
वहीं जीएसटी कम होने से कारों की बिक्री पर अच्छा प्रभाव पड़ा है। नीलम चौक पर स्थित एरेना कार शोरूम से पिछले 4 दिनों में जहां करीब 80 कारों की बुकिंग हुई है। वहीं नीलम रेलवे रोड पर स्थित नेक्सा कार शोरूम से 60 से 70 कारों की बुकिंग की गई है।
वर्जन
सोने-चांदी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसीलिए सोचा कार खरीद लूं तो बुकिंग करा ली है। इस बार कार वाली दिवाली मनाएंगे।
निमेश
बाजार में सजावट इतनी अच्छी कर रखी है कि सभी चीजें पसंद आ रही हैं। तो अभी सोचना पड़ेगा कि क्या खरीदू, क्रॉकरी सेट और कुकर दोनों खरीदने की सोच रहा हूं। गौरव
, एनआईटी 1
चांदी का कोई बर्तन अन्य चीजें खरीदनी हैं। पहले तो अभी क्रॉकरी पसंद करने आया हूं। इसके बाद चांदी और पीतल दोनों के बर्तन खरीदने का प्रयास रहेगा।
नितिन, एनआईटी 2
हर साल आभूषण ही खरीदते हैं तो इस बार भी वहीं खरीदेंगे। सोना - चांदी महंगे हैं तो क्या हुआ आभूषण जरूर खरीदेंगे।
कमलजीत सिंह, एनआईटी 1