ग्रोसरी स्टोरों व दुकानों के जांच टीम ने किए चालान
गुरुग्राम में लॉकडाउन के दौरान जरूरी वस्तुओं की बिक्री में अनियमितताएं बरतने और ज्यादा रेट वसूलने पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने पांच स्थानों पर ग्रोसरी स्टोर और दुकानों पर छापे मारे। इस दौरान दुकानदारों के चालान किए।
विभाग की टीम ने अपोलो फार्मेसी सेक्टर 47, मोर रिटेल स्टोर सेक्टर 47, मीना जनरल स्टोर डीएलएफ फेज 1, न्यू श्याम स्टोर सुशांत लोक 1 और सेक्टर 9 का एमबी सुपर मार्ट का चालान किया। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मोनिका ने बताया कि सेक्टर 47 स्थित अपोलो फार्मेसी में बीपी मॉनिटरिंग मशीन और थर्मामीटर बिना लाइसेंस के बिक्री करते पाए गए। इसी सेक्टर के मोर रिटेल स्टोर में सामान का वजन के लिए मौजूद मशीन पर सक्षम अथॉरिटी की मोहर नहीं थी। इसी प्रकार डीएलएफ फेज 1 स्थित मीना जनरल स्टोर में खरीददारों से एमआरपी से ज्यादा रेट वसूला जा रहा था।
अंकित मूल्य से ज्यादा लेने पर होगी कड़ी कार्रवाई
उन्होंने बताया कि सुशांत लोक फेज 1 स्थित न्यू श्याम स्टोर में राइस बैग पर मूल्य अंकित नहीं था। इसी प्रकार सेक्टर 9 के एमबी सुपर मार्ट में भी पैकिंग सामान पर रेट प्रदर्शित नहीं किए गए थे। इस कारण इन सभी पांच स्टोर संचालकों और दुकानदारों के चालान किए गए हैं। इस संदर्भ में उपायुक्त अमित खत्री ने मंगलवार को फिर जरूरी वस्तुओं के विक्रेताओं और दुकानदारों को चेतावनी दी है कि वे इस संकट की घड़ी का अनावश्यक फायदा ना उठाएं। जिला प्रशासन की टीमें सभी गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं और कहीं भी कोताही या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।