बादशाहपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में तीन नई अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इन प्रयोगशालाओं के बन जाने से क्षेत्र के सरकारी स्कूल के बच्चों को अब निजी स्कूलों जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, केमिस्ट्री, फिजिक्स और बायोलॉजी की इन अलग-अलग प्रयोगशालाओं का निर्माण कार्य अगस्त 2025 में शुरू किया गया था। विभाग और निर्माण एजेंसी का दावा है कि इन तीनों प्रयोगशालाओं को मई 2026 तक पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा। ये नई प्रयोगशालाएं विशेष रूप से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम सपरा ने कहा की इन नई प्रयोगशालाओं के बन जाने से विद्यार्थियों को पढ़ने और सीखने में बहुत लाभ मिलेगा। संवाद