तापमान गिरा...ग्रेप तीन की पाबंदियां हटने शहर की फिजा में बढ़ा प्रदूषण
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। शहर में हवा की सेहत फिर बिगड़ गई है, जिससे एक्यूआई चिंताजनक स्थिति में पहुंच गया है। शहर में रविवार को हल्की हवा के चलने से हवा में थोड़ा सुधार नजर आया था लेकिन अगले की दिन तापमान में गिरावट होने के साथ शहर की फिजा में प्रदूषण भी बढ़ गया।
बीते एक महीने से शहर में हवा की श्रेणी खराब बनी हुई है। हवा में जहर के घुलने से लोगों को सांस से संबंधित समस्याएं सामने आ रही है। सोमवार को गुरुग्राम में वायु गुणवत्ता सूचकांक 275 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, प्रदूषण का यह स्तर खराब श्रेणी में आता है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की ओर से ग्रेप तीन की पाबंदियों को वापस लेने के बाद फिर से हवा खराब होने लगी है। मानेसर में हवा की गुणवत्ता 323 दर्ज की गई, जिससे शहर की हवा बेहद ही चिंताजनक बनी हुई है।
प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। बीते एक महीने से मानेसर का एक्यूआई सबसे खराब श्रेणी में दर्ज किया जा रहा है। साथ ही शहर के तापमान में लगातार गिरावट जारी है, जिससे धीरे-धीरे ठंड बढ़ने लग रही है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर के अधिकतम तापमान में माइनस दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, न्यूनतम तापमान में माइनस 1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में शहर का तापमान 23 से 24 डिग्री के आसपास रह सकता है।