गुरुग्राम। शीतला माता रोड स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में 16 अगस्त की शाम हुई डकैती में गुरुग्राम पुलिस एक आरोपी विजय को चरखी दादरी से प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर आई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके छह दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस आरोपी से मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में हुई डकैती के बारे में पूछताछ कर रही है।
मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में डकैती मामले में पुलिस आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि, मास्टमाइंड के नाम का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। ऐसे में विजय से पूछताछ में ही पता चलेगा कि वही डकैती का मास्टरमाइंड है या फिर अन्य कोई व्यक्ति इस डकैती के पीछे है। चरखी दादरी स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में दो मई की रात को हुई चोरी में विजय का नाम सामने आया था। उस शाखा से 6 किलो 600 ग्राम सोना और करीब 14 लाख रुपये नकदी चोरी हुई थी। इस मामले में चरखी दादरी ने कई आरोपी गिरफ्तार किए थे। वहीं, मुख्य आरोपी विजय ने कुछ दिन पहले आत्मसमर्पण किया था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी विजय को चरखी दादरी से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में आरोपी विजय से क्या जानकारी मिली है, इसके बारे में कुछ नहीं बताया जा सकता। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। संवाद