फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: भाजपा जिलाध्यक्ष के घर से गहने और नकदी चुराने वाला गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस ने आठ घंटे में आरोपी को दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर पकड़ा
विज्ञापन


आरोपी से 10 लाख रुपये कीमत के गहने किए बरामद
अन्य गहने आरोपी के साथी के पास, चल रही तलाश
दिल्ली के महरौली की भाजपा जिलाध्यक्ष हैं ममता भारद्वाज

अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-49 स्थित ऑर्किड पेटल्स सोसाइटी में दिल्ली के महरौली की भाजपा जिला अध्यक्ष ममता भारद्वाज के घर से गहने और नकदी चोरी करने वाले एक आरोपी को अपराध शाखा सेक्टर-43 की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किए गए आरोपी से पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत के गहने बरामद किए हैं।
आरोपी की पहचान बजुरा (नेपाल) के बुडीगंगा निवासी युवराज थापा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से सोने के दो हार, सोने की एक अंगूठी, सोने की एक चेन और सोने व डायमंड का एक ब्रेसलेट बरामद किया है। वहीं, अन्य गहने उसके साथी भीम बहादुर जोरा के पास हैं। ऐसे में गुरुग्राम पुलिस की टीम युवराज के साथी भीम बहादुर जोरा को पकड़ने की तलाश में जुटी है। शुक्रवार को आरोपी युवराज को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन


सात दिन पहले ही घर में काम पर लगा था सहायक
पूछताछ में आरोपी युवराज थापा ने बताया कि वह दो माह पहले दिल्ली में एक ढाबे पर काम करता था। सात दिन पहले वह ममता भारद्वाज के घर में सहायक के तौर पर लगा था। इसी दौरान घर में रखे गहने व नकदी देखने पर उसके मन में लालच आ गया था। परिवार वाले घर से बाहर गए तो उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर गहने व नकदी की चोरी कर ली। युवराज का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था।


चोरी के बाद बांट लिया था सामान
युवराज थापा ने पुलिस को बताया कि विला में चोरी करने के बाद उसने अपने साथी भीम बहादुर जोरा के साथ गहने व अन्य सामान को आपस में बांट लिया और अलग-अलग हो गए थे। युवराज थापा चोरी करने की वारदात के बाद वापस नेपाल भागने की फिराक में था। गुरुग्राम की अपराध शाखा सेक्टर-43 की पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए करीब आठ घंटे में आरोपी को दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया।


ये था मामला
सेक्टर-49 स्थित ऑर्किड विला निवासी ममता भारद्वाज ने सेक्टर-50 थाने में शिकायत दी थी कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 8.30 बजे वह अपने पति के साथ ऑर्किड पेटल सोसाइटी में बने पार्क में घूमने गई थी। जब वे वापस घर लौटे तो उनका घरेलू सहायक युवराज थापा वहां नहीं मिला। वहीं, कमरे में अलमारी के लॉकर से जेवरात और दो लाख रुपये गायब मिले। शिकायत के आधार पर सेक्टर-50 थाने में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी युवराज थापा को जेल भेज दिया है। उसके दूसरे साथी आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


दिल्ली पुलिस ने भी घोषित कर रखा है भीम बहादुर पर 50 हजार इनाम
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि विला से चोरी किए गए आधे गहने और दो लाख रुपये नकदी को दूसरा आरोपी भीम बहादुर जोरा ले गया। अपराध शाखा सेक्टर-43 की पुलिस ने जब भीम बहादुर जोरा का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला तो सामने आया है कि वह गुरुग्राम के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में चोरी की एक वारदात में भी वांछित है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने भी भीम बहादुर जोरा पर 50 हजार रुपये इनाम घोषित किया हुआ है। जांच में सामने आया कि भीम बहादुर जोरा ने वर्ष 2024 में हजरत निजामुद्दीन थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात के दौरान एक डाॅक्टर की हत्या कर दी थी और मामले में फरार चल रहा है। आरोपी की तलाश में अपराध शाखा की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें