आरोपी की पहचान बाहदुर चन्द कॉलोनी (करनाल) निवासी अभिलाष कुमार (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जोकि वर्तमान में गुरुग्राम के सेक्टर-11 में किराए पर रहता है। आरोपी से पूछताछ करने पर पता चला कि वह शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। आरोपी अभिलाष कुमार गुरुग्राम के सेक्टर-49 स्थित एक कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर सालाना पैकेज 14 लाख रुपये की नौकरी करता है।
कंपनी में जाने के लिए यह अपने किराए के मकान से राजीव चौक होकर जाता है। 02 अगस्त को वह अपने बेटे के स्कूल से पीटीएम के बाद वापस अपने किराए के कमरे पर जा रहा था। रास्ते में राजीव चौक पर रूका था और इसी दौरान उसने युवती के सामने अश्लील हरकत कर दी।
05 अगस्त को सिविल लाइंस थाना पुलिस के संज्ञान में एक युवती द्वारा सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया एक वीडियो आया। वायरल वीडियों में युवती ने बताया कि वह जयपुर से बस में सवार होकर आई थी और राजीव चौक पर कैब का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान राजीव चौक पर एक मास्क लगाए युवक ने उसको घूरते हुए अश्लील हरकतें की थीं। युवक के वीडियो व फोटो भी युवती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने सिविल लाइंस थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने मामले की गहनता से छानबीन करते हुए सोमवार को आरोपी अभिलाष कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।