रंजिश के चलते वारदात को दिया था अंजाम, पुलिस ने भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। रंजिश के चलते घर में घुसकर मारपीट करने और जबरन गाड़ी में डालकर अपहरण का प्रयास करने के मामले में सेक्टर-56 थाने की पुलिस ने एक आरोपी को 8 मई को सेक्टर-55 की मार्केट से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को 9 मई को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी को पहचान गुरुग्राम के घाटा गांव निवासी धीरज के रूप में हुई, जोकि वर्तमान में केंद्रीय विहार सेक्टर-56 में रह रहा है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने रंजिश के चलते मारपीट करने की वारदात को अंजाम देने की बात कबूली है। बता दें कि सेक्टर-56 थाना पुलिस में एक व्यक्ति ने दी शिकायत में बताया कि 3 मार्च की रात को धीरज और पप्पल नामक व्यक्ति उसके घर आए थे। दोनों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन गाड़ी में डालने का प्रयास किया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत के आधार पर सेक्टर-56 थाने में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा कि आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेजा दिया है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।